गुड्डू कुमार सिंह, (भोजपुर आरा:)राजनीति में पद के मोह से ऊपर उठकर संगठन और सिद्धांतों को प्राथमिकता देने का अनूठा उदाहरण आज गड़हनी में देखने को मिला। स्थानीय नई बाजार स्थित शिव मंदिर परिसर में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रखंड अध्यक्ष के चुनाव के दौरान, पार्टी के वरिष्ठ और कद्दावर नेता मो. इमरान अहमद ने अपने त्याग और दूरदर्शिता से संगठन को एक नई ऊंचाई दी।
वरिष्ठ नेता मो. इमरान अहमद, जो लंबे समय से सभी कार्यकर्ताओं को एकसाथ लेकर चलने वाले संगठन के स्तंभ माने जाते हैं, ने स्वयं के बजाय श्री अमरीश सिंह के नाम का प्रस्ताव अध्यक्ष पद के लिए रखा। इमरान अहमद जी का यह कदम उनके ‘स्व’ से ऊपर ‘संगठन’ को रखने के महान चरित्र को दर्शाता है। उनके इस त्याग और निस्वार्थ भावना ने न केवल कार्यकर्ताओं का दिल जीत लिया, बल्कि पार्टी के भीतर आपसी विश्वास को और अधिक गहरा कर दिया।
निर्वाचन पदाधिकारी जियाउल वारसी एवं पर्यवेक्षक अवधेश राम की देख-रेख में आयोजित इस चुनाव में, मो. इमरान अहमद के प्रति कार्यकर्ताओं का अगाध प्रेम और भरोसा ही था कि उनके द्वारा प्रस्तावित नाम पर सभी सक्रिय सदस्यों ने बिना किसी विरोध के अपनी सर्वसम्मति जता दी। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि इमरान साहब का निर्णय ही हमारे लिए सर्वोपरि है, क्योंकि वे माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के सिद्धांतों के सच्चे सिपाही हैं।
इस अवसर पर शंभु प्रसाद सोनी, अकबर अली, राम प्रवेश सिंह कुशवाहा, अमजद हुसैन, मनोज राम, संजीत चंद्रवंशी, राम बच्चन सिंह, दिवाकर गांधी, मो. इस्तेयक आलम, इन्द्र सूर्यपाल राम, दीपक सिंह एवं कुंअर सिंह सहित अन्य साथियों ने मो. इमरान अहमद के इस सराहनीय कदम की प्रशंसा की।
वक्ताओं ने कहा कि मो. इमरान अहमद जैसे कद्दावर नेताओं के त्याग और कुशल नेतृत्व के कारण ही आज गड़हनी में जदयू एक परिवार की तरह एकजुट है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री अमरीश सिंह ने भी इमरान अहमद के मार्गदर्शन में काम करने और नीतीश कुमार जी के “न्याय के साथ विकास” के सपने को साकार करने का संकल्प लिया।








